Breaking News :
कोरबा: बारूद फैक्ट्री में मजदूरों ने किया प्रदर्शन, 9 घंटे तक ठप रहा उत्पादन; प्रबंधन ने मान लीं मांगें
- Super Admin
- 22 Apr, 2026
कोरबा। जिले के हरदी बाजार रेकी रोड स्थित आईडीईएल इंडस्ट्रियल बारूद फैक्ट्री में सोमवार को मजदूरों ने प्रदर्शन किया। ड्राइवर, ऑपरेटर और अन्य मजदूरों ने सुबह से काम बंद कर दिया, जिससे लगभग 9 घंटे तक उत्पादन ठप रहा।
मजदूरों ने वेतन वृद्धि और जान जोखिम में डालकर काम कराने की प्रथा बंद करने की मांग की। उन्होंने प्रबंधन को 10 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इसमें सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, खतरनाक काम के लिए अतिरिक्त भत्ता, बेहतर वेतन और समुचित सुरक्षा व्यवस्था जैसे बिंदु शामिल थे।
यह फैक्ट्री बारूद और विस्फोटक बनाती है, जहां थोड़ी सी भी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसी कारण मजदूरों ने सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष चिंता जताई।
प्रबंधन ने मान लीं मांगें
हड़ताल के दौरान फैक्ट्री गेट पर नारेबाजी हुई और प्रबंधन के साथ कई दौर की बातचीत हुई। घंटों के विचार-विमर्श के बाद प्रबंधन ने मजदूरों की लगभग सभी मांगें मान लीं। इसके बाद मजदूरों ने हड़ताल समाप्त कर काम फिर से शुरू कर दिया।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का समर्थन
इस आंदोलन के दौरान छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर राजनीतिक) के प्रदेश संगठन मंत्री उमागोपाल भी मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समर्थन दिया। फैक्ट्री प्रबंधन ने मांगों को जल्द लागू करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का आश्वासन दिया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





