Breaking News :

:

कोरबा: तीन ट्रेलर और एक कार में टक्कर, चार लोग घायल, दो की हालत गंभीर

top-news
https://blueheart.in/public/frontend/img/post-add/add.jpg

कोरबा । कोरबा-कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर शनिवार अलसुबह करीब 6 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन ट्रेलर और एक कार आपस में टकरा गईं। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरसिया-जड़गा मोड़ के पास अंबिकापुर की ओर से आ रहे दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ गया। टक्कर के प्रभाव से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक और ट्रेलर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। प्रशासन ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल करने का काम शुरू किया। हादसे के कारण राजमार्ग पर कुछ देर तक लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर सुचारु किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर भारी वाहनों की रफ्तार और ओवरटेकिंग अक्सर हादसों का कारण बनती है। उन्होंने प्रशासन से मोड़ पर गति सीमा संकेतक लगाने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर चालकों की लापरवाही और तेज गति को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस जगह पर इससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इस हादसे में भी चार लोग घायल हो गए हैं जिसमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

https://blueheart.in/public/frontend/img/post-add/add.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *