Breaking News :
कोरबा: आईपीएल सट्टा रैकेट का खुलासा, एक गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार, तलाश में पुलिस
- Super Admin
- 14 Apr, 2026
कोरबा । कोरबा पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर की गई।
पुलिस को 13 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेल और खिला रहे हैं। इस सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली और साइबर थाना की एक संयुक्त टीम गठित की गई।
एक आरोपी मौके से हुआ फरार
टीम ने बताए गए जगह पर छापा मारा और आरोपी जशवीर राना को ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा। हालांकि, उसका साथी निखिल राजपूत पुलिस को देखकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
आरोपी ऑनलइन प्लेटफॉर्म पर सट्टा लगा रहे थे
जांच में पता चला कि आरोपी 'KHELO BAAZI BOOK' नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म/आईडी का उपयोग करके आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहे थे। इस आईडी में बड़ी मात्रा में लेनदेन हुआ है और वर्तमान में इसमें 72,020 रुपये का बैलेंस जमा मिला है। पुलिस ने मौके से मोबाइल, दस्तावेज और अन्य संबंधित सबूत जब्त किए हैं।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जशवीर राना (33) के रूप में हुई है। फरार आरोपी निखिल राजपूत भी कोरबा का रहने वाला है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 335/2026, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6-क, 7-1 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जशवीर राना को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस की अपील
इस कार्रवाई में निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से ऑनलाइन सट्टा, जुआ या किसी भी साइबर अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





