Breaking News :
ईरान बोला- जंग खत्म करनी है तो स्थायी समाधान चाहिए
- Super Admin
- 04 Apr, 2026
तेहरान । ईरान ने कहा कि वह मौजूदा युद्ध खत्म करने के लिए समझौते के बजाय ठोस और स्थायी समाधान चाहता है। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि देश का मुख्य फोकस इस थोपी गई अवैध जंग को निर्णायक तरीके से खत्म करना है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ बातचीत या अस्थायी सीजफायर से हालात नहीं सुधरेंगे। ऐसा समाधान जरूरी है जो लंबे समय तक कायम रह सके। अराघची ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिकी मीडिया ईरान के रुख को गलत तरीके से पेश कर रहा है।
ईरान ने शुक्रवार को अमेरिका के दो लड़ाकू विमान गिराने का दावा किया है। इनमें एक F-35 फाइटर जेट और दूसरा A-10 अटैक एयरक्राफ्ट है। हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि गिरने वाला पहला फाइटर जेट F-35 नहीं बल्कि F-15E है।
वहीं, ट्रम्प ने कहा है कि ईरान में अमेरिकी फाइटर जेट गिराए जाने की घटना से दोनों देशों के बीच बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ट्रम्प ने कहा, "हम युद्ध में हैं।" उन्होंने यह बात अमेरिकी मीडिया NBC से एक फोन इंटरव्यू में कही।
ईरान में प्रतिबंधित संगठन के दो सदस्यों को फांसी
ईरान ने प्रतिबंधित विपक्षी संगठन पीपुल्स मुजाहिदीन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ ईरान (PMOI/MEK) से जुड़े दो लोगों को फांसी दे दी है।
ईरानी न्यायपालिका के मुताबिक, अबोलहसन मोंतजर और वाहिद बनियामेरियन को शनिवार सुबह फांसी दी गई। दोनों पर आतंकी गतिविधियों में शामिल होने और सशस्त्र विद्रोह के आरोप थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों को पहले ट्रायल कोर्ट ने दोषी ठहराया था, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी सजा को बरकरार रखा। इसके बाद उन्हें फांसी दी गई। गौरतलब है कि PMOI/MEK ईरान में प्रतिबंधित संगठन है और सरकार इसे आतंकी समूह मानती है, जबकि यह खुद को विपक्षी राजनीतिक संगठन बताता है।
ईरान में 36 दिन से इंटरनेट ब्लैकआउट
ईरान में इंटरनेट बंदी अब बेहद लंबी हो गई है। इंटरनेट मॉनिटरिंग संस्था नेटब्लॉक के अनुसार, देश में इंटरनेट बंद हुए करीब 36 दिन (लगभग 840 घंटे) हो चुके हैं।
इस दौरान आम लोगों के लिए अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट तक पहुंच लगभग पूरी तरह बंद रही है, जिससे लोग बाहरी दुनिया से कट गए हैं।
ईरान में यूनिवर्सिटी क्लास ऑनलाइन होंगे
ईरान में सभी विश्वविद्यालयों की पढ़ाई अब ऑनलाइन कर दी गई है। यह फैसला देश के विज्ञान, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, पूरे देश में यूनिवर्सिटी की क्लास अब वर्चुअल मोड में होंगी और यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी।
सरकार ने विश्वविद्यालयों को यह भी निर्देश दिया है कि जिन छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई में दिक्कत हो सकती है, उनके लिए दूसरे विकल्प देखे जाए।
रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हमले से ईरानी सेना ने इनकार किया
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने 3 मार्च को रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर हुए ड्रोन हमले में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है।
IRGC ने दावा किया कि यह हमला इजराइल ने किया था।
तेहरान में एयर स्ट्राइक से म्यूजिक स्कूल तबाह
ईरान की राजधानी तेहरान में एक म्यूजिक स्कूल हवाई हमले में पूरी तरह तबाह हो गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह स्कूल ईरानी संगीत का एक महत्वपूर्ण केंद्र था, जहां करीब 250 छात्र सीखते थे। बताया गया है कि जिस इमारत में यह स्कूल था, वहां एक मैटरनिटी क्लिनिक समेत अन्य जगहें भी थीं।
यह तेहरान के पूर्वी हिस्से में एक सैन्य एयरबेस के पास स्थित थी। हमले के बाद पूरा इलाका धुएं से भर गया और इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ईरान के बुशहर परमाणु प्लांट के पास प्रोजेक्टाइल गिरा, एक व्यक्ति की मौत
ईरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित बुशहर परमाणु प्लांट के पास एक प्रोजेक्टाइल गिरने की खबर सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
ईरान के महशहर पेट्रोकेमिकल जोन में धमाका
ईरान के दक्षिणी खुजेस्तान प्रांत में स्थित महशहर पेट्रोकेमिकल स्पेशल इकोनॉमिक जोन में धमाकों की खबर सामने आई है।
फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस इलाके में कई विस्फोट हुए, जिसके बाद घटनास्थल से धुआं उठता हुआ देखा गया। इजराइल के सुरक्षा सूत्रों ने भी पुष्टि की है कि ये हमले उसकी वायुसेना ने किए हैं।
फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इस हमले में इलाके की कई सुविधाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं, प्रांत के उप-गवर्नर वलीउल्लाह हयाती ने बताया कि इस हमले में तीन कंपनियों को निशाना बनाया गया, लेकिन नुकसान कितना हुआ है, यह अभी साफ नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों में पांच लोग घायल हुए हैं, हालांकि किसी के मारे जाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ईरान का दावा- 160 से ज्यादा दुश्मन ड्रोन मार गिराए
ईरान ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा सेना ने अब तक 160 से ज्यादा दुश्मन ड्रोन को मार गिराया है।
नेशनल एयर डिफेंस के संयुक्त मुख्यालय के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अलीरेजा इलहामी ने कहा कि ईरानी सैनिक दुश्मन के फाइटर जेट और ड्रोन को निशाना बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
IRNA न्यूज एजेंसी के अनुसार, उन्होंने बताया कि ईरान ने कई एडवांस लड़ाकू विमान, दर्जनों क्रूज मिसाइल और ड्रोन, जिनमें हर्मीस और लुकास जैसे ड्रोन शामिल हैं को नष्ट किया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





