Breaking News :
अमेरिका बोला-ईरान ने डील नहीं मानी तो फिर होगी जंग, रक्षा मंत्री बोले-‘ हमारी सेना तैयार, राष्ट्रपति ट्रम्प के आदेश का इंतजार’
- Super Admin
- 16 Apr, 2026
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने पीस डील नहीं मानी, तो फिर से जंग शुरू हो सकती है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान के पास समझौता करने का मौका है, लेकिन अगर उसने इसे ठुकराया तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू करेगा।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी फोर्सेस पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी समय कॉम्बैट ऑपरेशन शुरू कर सकती हैं। हेगसेथ ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश का इंतजार कर रही है और निर्देश मिलते ही कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा। उन्होंने साफ किया कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं कर लेता।
वहीं अमेरिकी जनरल डैन केन ने बताया कि अब तक 13 जहाज नाकाबंदी के चलते वापस लौट चुके हैं। इनमें ज्यादातर जहाज नाकाबंदी सीमा के अंदर पहुंचकर लौटे, जबकि एक पहले ही रास्ता बदल गया।
अमेरिका-ईरान शांति समझौते के करीब पहुंचे
अमेरिका और ईरान 21 अप्रैल को खत्म हो रहे सीजफायर से पहले समझौते के करीब पहुंच रहे हैं। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ी है, हालांकि कुछ मतभेद अब भी बाकी हैं।
इस बीच तेहरान में ईरानी अधिकारियों और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच अहम बैठक होगी। मुनीर पहले ही ईरान पहुंचकर विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात कर चुके हैं और वे अमेरिकी संदेश लेकर गए हैं।
पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। उधर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ मिलकर बातचीत और ड्राफ्ट प्रस्ताव साझा कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, डील के लिए सीजफायर को बढ़ाया जा सकता है, हालांकि अमेरिका ने अभी औपचारिक सहमति नहीं दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





