Breaking News :
ईरान ने ट्रंप के अमेरिकी पायलट के रेस्क्यू के दावे को किया खारिज
- Super Admin
- 05 Apr, 2026
तेहरान । ईरान ने अमेरिकी पायलट के सफल रेस्क्यू के ट्रम्प के दावे को खारिज कर दिया है। ईरान मीडिया ने दावा किया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन फेल हो गया और अमेरिकी विमान व हेलिकॉप्टर मार गिराए गए।
ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिकी सेना ने दर्जनों हथियारबंद विमान भेजकर पायलट को सुरक्षित निकाल लिया। उन्होंने बताया था कि पायलट घायल है, लेकिन खतरे से बाहर है।
वहीं, ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने कहा कि इस्फहान के दक्षिणी इलाके में अमेरिकी रेस्क्यू मिशन को निशाना बनाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, 2 ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर और एक C-130 ट्रांसपोर्ट विमान को मार गिराया गया।
ईरानी मीडिया ने कुछ वीडियो और तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें कथित तौर पर इन विमानों का मलबा दिखाया गया है। ईरान ने आरोप लगाया कि ट्रम्प अपनी हार छिपाने के लिए रेस्क्यू सफल होने का दावा कर रहे हैं।
हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और अमेरिकी सेना की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
ईरान ने अमेरिकी विमान के मलबे की फोटो शेयर की
ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने X पर अमेरिकी विमान के कथित मलबे की तस्वीर शेयर की है। यह तस्वीर उस दावे से जुड़ी है, जिसमें ईरान ने रेस्क्यू मिशन में शामिल विमान को मार गिराने की बात कही थी।
इससे पहले ईरानी मीडिया ने दावा किया था कि लापता अमेरिकी पायलट की तलाश में भेजे गए मिशन के एक विमान को निशाना बनाया गया।
फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, यह विमान C-130 क्लास का था और सर्च ऑपरेशन में लगा हुआ था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
ईरान इससे पहले भी अमेरिकी F-15 और A-10 जैसे विमानों को गिराने का दावा कर चुका है। फिलहाल, अमेरिकी पक्ष ने इस नए दावे या तस्वीर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





