Breaking News :
छत्तीसगढ़: भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं, प्रदेश में तापमान 44.5°C तक पहुंचा; 2 दिन बाद बारिश के आसार
- Super Admin
- 25 Apr, 2026
रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं 25 से 27 अप्रैल तक मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हालांकि, इसके बावजूद अलग-अलग स्थानों पर लू का असर बना रह सकता है।
क्यों बढ़ रही गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक विदर्भ से लेकर दक्षिण भारत तक ट्रफ लाइन और बंगाल-ओडिशा क्षेत्र में ऊपरी हवा के चक्रवाती प्रभाव के चलते गर्म और शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है। इसी वजह से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।
परीक्षाओं के समय में बदलाव
भीषण गर्मी को देखते हुए बिलासपुर में व्यापम की प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में बदलाव किया गया है। अब परीक्षाएं सुबह 10 बजे से होंगी, जो पहले दोपहर 12 बजे से आयोजित होती थीं। 26 अप्रैल को मंडी बोर्ड उप निरीक्षक, 14 मई को एसएससी नर्सिंग और पीईटी, तथा 21 मई को पीपीएचटी परीक्षा सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





