Breaking News :

:

रायपुर: लग्जरी इनोवा से आकर करती थीं चेन स्नेचिंग; इंदौर की 7 महिलाएं गिरफ्तार

top-news
https://blueheart.in/public/frontend/img/post-add/add.jpg

रायपुर। राजधानी पुलिस ने लग्जरी कार में घूम-घूमकर चेन स्नेचिंग करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सात महिलाओं सहित आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संध्या सकटे (30), निवासी राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के पास, इंदौर समेत सात महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य आरोपित भी इंदौर और जलगांव के रहने वाले हैं। सभी आरोपित आपस में रिश्तेदार हैं और देश के अलग-अलग राज्यों में वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपितों के कब्जे से 10,500 रुपये नकद, एक सोने की चेन, कटर, चार मोबाइल फोन और इनोवा कार जब्त की गई है। मामले का खुलासा तब हुआ जब डीडी नगर थाना क्षेत्र में तरुणेन्द्र वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आठ अप्रैल की शाम उनकी 66 वर्षीय माता निर्मला वर्मा चंगोराभाठा बाजार सब्जी खरीदने गई थीं। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिला ने उनके गले से सोने की चेन पार कर दी। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास मंडराते और चेन निकालते हुए दिखाई दीं। इसके बाद टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिये आरोपितों का पीछा किया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध इनोवा वाहन भाठागांव बस स्टैंड के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा। कार में सात महिलाएं और एक पुरुष सवार थे, जो पूछताछ में गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सख्ती से पूछताछ में सभी ने वारदातें कबूल कर लीं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेन स्नेचिंग की कई वारदातों को अंजाम दिया है। इन मामलों में पहले से कई अपराध दर्ज हैं। गिरोह की महिलाएं भीड़ में घुल-मिल जाती थीं और टारगेट को घेरकर बातचीत या हल्की धक्का-मुक्की के बीच कटर से चेन काट लेती थीं। वारदात के तुरंत बाद सभी आरोपित कार में बैठकर फरार हो जाते थे, जिससे पहचान मुश्किल हो जाती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी की गई चेन बेचकर जो रकम जुटाई गई, उसी से इनोवा कार खरीदी गई थी, जिसका इस्तेमाल लगातार वारदातों में किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपितों में संध्या सकटे, सोनिया हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, सपना हातागले, अभय हातागले (सभी निवासी थाना राजेन्द्र नगर भीम नगर जिला इंदौर) और उज्वाला हातागले निवासी जिला जलगांव शामिल हैं।

https://blueheart.in/public/frontend/img/post-add/add.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *