Breaking News :
छत्तीसगढ़: पति को गले लगाया, फिर फांसी पर झूली नवविवाहिता; 19 साल के युवक से ढाई महीने पहले हुई थी शादी
- Super Admin
- 06 Apr, 2026
सरगुजा। जिले में 18 साल की नवविवाहिता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने पहले पति को घर बुलाया, तबीयत खराब होने की बात कही, उसे गले लगाया और अचानक खुद को कमरे में बंद कर लिया। दरवाजा नहीं खोलने पर परिजन छप्पड़ तोड़कर अंदर गए। नवविवाहिता साड़ी के फंदे से लटकी हुई मिली। जानकारी के मुताबिक पति की उम्र महज 19 साल है। दोनों की शादी ढाई महीने पहले ही हुई थी। पति ने बताया कि पत्नी छोटी-छोटी बात पर नाराज हो जाती थी। फिलहाल, मायके पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के केपी गांव की है।
ढाई महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मुकेश गिरी (19) की शादी करीब ढाई महीने पहले उदयपुर ब्लॉक के ग्राम पूटा की पूजा गिरी (18) से हुई थी। सामाजिक रीति-रिवाज के साथ दोनों शादी के बंधन में बंधे थे।
रविवार शाम को पूजा ने पति को फोन कर घर बुलाया और तबीयत खराब होने की बात कही। घर पहुंचने पर उसने सामान्य व्यवहार किया, लेकिन अचानक कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया।
छप्पर तोड़कर निकाला, तब तक हो चुकी थी मौत
जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन घबरा गए। उन्होंने छप्पर पर चढ़कर तोड़ा और अंदर पहुंचे, जहां पूजा साड़ी के फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी पूजा
पुलिस की पूछताछ में पति मुकेश गिरी ने बताया कि, वह शाम को डांस सीखने के लिए गया था। उसे पूजा ने तबीयत ठीक नहीं होने की जानकारी दी और दवा लेकर आने के लिए कहा। जब घर पहुंचा तो पूजा उल्टी कर रही थी। पूजा छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी।
पुलिस जांच जारी, मायके पक्ष ने नहीं की शिकायत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल, मायके पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





